भरोसा संकल्प का ,,,,,,
कोई भी लक्ष्य को हासिल करने के पूर्व तीन प्रकार के दृष्टिकोण बनते है ।
1.लक्ष्य के लिए संकल्प ही नहीं बना पाते।
2.लक्ष्य के लिए संकल्प में किसी बाधा या प्रलोभन से हल्कापन ले आते।
3. कितने भी विघ्न विनाशक बाधा आने पर भी संकल्प में कमी नही लाते।
जंगल के राजा ने दौड़ प्रतियोगिता रखी और प्रतिभागियों को एक लंबी दूरी तय करने का कठिन टास्क रखा। कुछ प्रतिभागी उत्साहित हुए, कुछ उत्साहित प्रतिभागियों को देख उत्साहित हुए और कुछ आयोजन के नकारात्मक पक्ष के साथ अपनी संभावित पराजय के विचार करने लगे। बहरहाल वनराज की अनुमति से बन्दर भाई ने दौड़ प्रतियोगिता आरंभ करवाई।
चीता,हिरण,खरगोश,लोमड़ी,भेड़िया अपनी आसान सी जीत की संभावना से प्रसन्न दिख रहे थे, हाथी, सूकर, रीछ आदि प्रतिभागी होकर भी किसी अन्य के जीतने की दावेदारी पर विचार विमर्श कर रहे थे। इन सबके बीच गधा और कछुआ ने भी दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेने का मन बना लिया था। दौड़ शुरू हो गई, सभी प्रतिभागी उत्साहित होकर दौड़ रहे थे।
कुछ ही दूर दौड़ने पर खुद को पीछे देख हाथी, सूकर, रीछ का उत्साह मंद पड़ चुका था, अति आत्मविश्वास लिए चीता, हिरण, खरगोश, लोमड़ी, भेड़िया अपनी अपनी जीत के लिए तेज गति से दौड़ रहे थे ।
दौड़ में आखरी पंक्ति में गधा और उसके पीछे कछुआ ही रह गए थे।
वनराज ने मार्ग में पीने के लिए पानी, शरबत की , खाने के लिए काजू, किशमिश , बादाम, और केले, संतरे, बेर, जामुन, सेव, अंगूर आदि फलों के साथ साथ थकान महसूस होने पर आराम की पर्याप्त व्यवस्था कर रखी थी।
सबसे आगे दौड़ रहे चीता ने कुछ फल खाने और आराम करने और फिर दौड़ में शामिल हो कर जीतने पर विचार कर फल, मेवा खाने लगा। उसे खाते देख क्रमशःभेड़िया, हिरण,लोमड़ी, खरगोश की भी इच्छा कुछ कुछ खाने की हो गई ।
बहुत पीछे चल रहे गधे और कछुआ को आते देख मखौल उड़ाते भेड़िया ने आराम करने और कुछ खाने को कहा। फिर चीता, हिरण, खरगोश और सभी आराम कर रहे प्रतिभागियों के सप्रेम आग्रह को गधे ने स्वीकारने का मन बनाया पर कछुआ निरंतर अपने लक्ष्य को पाने संकल्पित था। कछुआ ने सभी के आग्रह को विनम्रता पूर्वक अस्वीकार किया और लक्ष्य की ओर बढ़ता गया। इधर सभी ने पेट भर फल और सूखे मेवे खाए और आराम भरपूर किया। और अपने लक्ष्य से, संकल्प से भटक गए।
यह जानते हुए कि अन्य की अपेक्षा दौड़ने की गति धीमी है कछुआ मार्ग में आई बाधाओं, प्रलोभनों से बचता रहा पर काम को अधूरा नहीं छोड़ा, अपने उत्साह अपने संकल्प पर अडिग रहकर अपना सर्वोच्च लक्ष्य प्राप्त करने में सफल रहा।
सार : जब आप किसी लक्ष्य का पीछा करते है तो मार्ग में असमान परिस्थितियां भी आती है, विकट संकट भी घेरते है, नकारात्मक विचार भी आते है। ये बाधक बनना चाहते है आपके मार्ग से भटकाव लाना चाहते है ,,। इस कार्य में ये सफल हो जाते है तो आप लक्ष्य प्राप्त करने में असफल हो जाते हैं,,, और अगर इन बाधाओं, संकटों, नकारात्मक विचारों पर अकुंश लगाते है, इन्हें असफल कर देते हैं तो आपके संकल्प शक्ति का और दृढ़ता से बढ़ते कदमों का स्वागत करने सफलता बाहें पसार मिलेगी ,,,, सत्यम